चंबा। सलूणी क्षेत्र के तहत एक गांव में पुलिस टीम ने नाबालिग की शादी रुकवाने में कामयाब हासिल की है। मामले की सूचना चाइल्ड लाइन को 12 नवंबर को मिली थी। सूचना के बाद चाइल्ड लाइन समन्वयक ने पुलिस को सूचित किया और तय योजना के तहत गांव में दबिश दी। यहां शादी की तैयारियां चल रही थी। पुलिस ने अभिभावकों को चेतावनी दी कि अगर वे नाबालिग की शादी करवाते हैं तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी देते हुए चाइल्ड लाइन जिला समन्वयक कपिल शर्मा ने बताया कि 12 नवंबर को टोल फ्री नंबर 1098 के माध्यम से यह सूचना प्राप्त हुई थी। यहां 15 वर्षीय बालिका की शादी 14 नवंबर को निर्धारित की गई थी। इस संबंध में चाइल्ड लाइन चंबा 13 नवंबर को पुलिस अधीक्षक चंबा डॉ मोनिका को सूचना दी गई और साथ ही थाना खैरी के प्रभारी नुरूप सिंह गुलेरिया को भी मामले के बारे में बताया।
थाना प्रभारी की अगुवाई में 13 तारीख को ही पुलिस टीम उक्त गांव में पहुंची। वहां पहुंचकर पुलिस टीम ने पंचायत प्रधान की उपस्थिति में लड़की के परिजनों के बयान दर्ज किए। परिजनों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 14 नवंबर को घर में रिश्तेदारों के लिए दावत रखी थी। पुलिस ने उन्हें समझाया और चेतावनी भी दी गई।
लड़की के परिजनों ने आश्वासन दिया कि वे लड़की की शादी तब करवाएंगे जब लड़की 18 वर्ष की आयु पूरी कर लेगी। चाइल्ड लाइन जिला समन्वयक कपिल शर्मा ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि नाबालिग की शादी को रुकवा दिया गया है। कहा कि बाल विवाह करवाने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।