खैरी पुल के पास रास्ते में रुकी बस, दूसरी बसों से चंबा भेजे गए यात्री
संवाद न्यूज एजेंसी
बनीखेत (चंबा)। चंडीगढ़ से चंबा आ रही परिवहन निगम के चंबा डिपो की बस वीरवार सुबह बनीखेत के खैरी पुल के पास तकनीकी खराबी से रास्ते में ही रुक गई। बस में करीब 30 सवारियां सवार थीं। इन्हें गंतव्य तक पहुंचने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा।
वीरवार सुबह करीब साढ़े चार बजे चंडीगढ़ से चंबा आ रही निगम की बस बनीखेत के खैरी पुल के पास खराब हो गई। चालक ने बस को सड़क के किनारे खड़ा कर दिया। यात्रियों को काफी देर तक परेशानी झेलनी पड़ी। बाद में यात्रियों को शिमला से चंबा आ रही बस और हरिद्वार से चंबा जाने वाली बस के माध्यम से रवाना किया गया।
यात्रियों में अनिल कुमार, रोहित सिंह, मनोज कुमार, वीरेंद्र सिंह और केवल ने कहा कि निगम की बसों का लंबे रूटों पर बीच रास्ते में खराब होना आम बात हो गई है। उन्होंने निगम प्रबंधन से मांग की कि लंबे रूटों पर तकनीकी रूप से दुरुस्त और नई बसें भेजी जाएं। उधर, बनीखेत बस अड्डा प्रभारी रमेश शर्मा ने बताया कि बस में तकनीकी खराबी आ गई थी। बस में सवार यात्रियों को शिमला और हरिद्वार से चंबा आने वाली बसों के माध्यम से चंबा भेज दिया गया। खराब बस को करीब नौ बजे ठीक करवाकर चंबा के लिए रवाना कर दिया गया।