जिले में तैयार होने वाली लाल और पीली मिर्च ने दिलाया 200 रुपये किलो तक भाव
साहो, कीड़ी, मसरूंड से पंजाब भेजी जा रही फसल, अच्छे दाम मिलने से किसानों के खिले चेहरे
जालंधर और चंबा में 100 से 200 रुपये प्रति किलो तक बिक रही शिमला मिर्च
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा/ साहो। जिले के किसान की मेहनत दूसरे राज्यों की मंडियों में रंग दिखा रही है। साहो, कीड़ी, मसरूंड क्षेत्र में तैयार की जा रही लाल और पीली शिमला मिर्च पंजाब पहुंचने लगी है।
फसल को बाजार में अच्छा भाव मिलने से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। शिमला मिर्च की मांग के चलते किसानों को इस बार बेहतर आमदनी की उम्मीद है। मसरूंड, साहो, कीड़ी से तैयार शिमला मिर्च को पंजाब के जालंधर सहित चंबा के बाजार में भी 100 से 200 रुपये प्रति किलो तक के भाव में बेचा गया है। खासकर लाल और पीली शिमला मिर्च की बाजार में अच्छी मांग होने के कारण किसानों को सामान्य सब्जियों की तुलना में बेहतर दाम मिल रहे हैं। अच्छे रेट ने किसानों का उत्साह बढ़ा दिया है।
उद्यान विभाग के उपनिदेशक डॉ. प्रमोद शाह ने कहा कि शिमला मिर्च की फसल का 100 से 200 रुपये प्रति किलो तक भाव मिलने से किसानों में खुशी है। मसरूंड, साहो, कीड़ी की शिमला मिर्च अब स्थानीय बाजार से निकलकर पंजाब तक अपनी पहचान बना रही है। पिछले वर्ष के मुकाबले अच्छी फसल निकली है।