वीडियो सोशल मीडिया में वायरल, अभिभावकों ने उठाई जांच करने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जनजातीय क्षेत्र पांगी के एक स्कूल में अध्यापिका पर विद्यार्थियाें से कथित मारपीट करने का आरोप लगा है।
घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अभिभावकों ने मामले की जांच की मांग की है। बताया जा रहा है कि छठी कक्षा के कुछ विद्यार्थी होम वर्क पूरा कर स्कूल नहीं पहुंचे थे। इसी बात से नाराज होकर अध्यापिका ने छात्रों को डंडे से पीटा। छुट्टी होने के बाद बच्चे घर पहुंचे तो वे रो रहे थे। हाथों और शरीर के अन्य हिस्सों में चोट के निशान थे। परिजनों ने बच्चों के बयान का वीडियो रिकॉर्ड किया। इसमें मारपीट की जानकारी देते नजर आ रहे हैं।
अभिभावकों का आरोप है कि अध्यापिका ने बच्चों के साथ डंडे से मारपीट की है। कुछ अभिभावकों ने दावा किया कि दो बच्चों के हाथों में गंभीर चोटें आई हैं। मामला पांगी प्रशासन के ध्यान में लाया गया है।
उधर, पांगी के आवासीय आयुक्त अमनदीप ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी मिली है और संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य को आवश्यक कार्रवाई करने और पूरे प्रकरण की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन मामले के सभी पहलुओं की जांच करेगा और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।