चंबा-सलूणी मार्ग पर धारगला छतयेऊ मंदिर के पास भूस्खलन से बंद पड़े रास्ते को पार करते लोग।संवाद
चंबा। चंबा-सलूणी मार्ग पर धारगला के समीप भूस्खलन के कारण तीन घंटे तक यातायात ठप रहा। इसके चलते लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सुबह करीब सात बजे मार्ग पर बड़ी चट्टान गिर गई।
मार्ग बंद होने की सूचना लोगों ने लोक निर्माण विभाग को दी। विभागीय मशीनरी ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद मार्ग को बहाल किया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। मार्ग बंद होने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
जानकारी के अनुसार उक्त स्थान पर सुबह करीब सात बजे भारी-भरकम भूस्खलन हुआ। इससे मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। गनीमत यह रही कि जिस वक्त भूस्खलन हुआ, उस वक्त कोई वाहन या राहगीर नहीं गुजर रहा था। अन्यथा, बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय लोगों में रमेश कुमार, सुरेंद्र सिंह, देविया राम, राज कुमार, रोशन लाल, दलीप सिंह और प्रवीण कुमार ने कहा कि भूस्खलन के कारण वे अपने गंतव्य तक देरी से पहुंचे। बताया कि सुबह सात बजे से लेकर दस बजे तक उन्हें मार्ग बहाल होने का इंतजार करना पड़ा। वहीं, दूसरी तरफ लोक निर्माण विभाग की ओर से भी वाहन चालकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने वाहन चालकों से आह्वान किया है कि बरसात के मौसम में भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र के मार्गाें से ध्यानपूर्वक आवाजाही करें।
लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता अंशुल ठाकुर ने बताया कि मार्ग बंद होने बारे सूचना मिली थी। कहा कि मौके पर मशीनरी भेजी गई। दस बजे मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया।