बनीखेत (चंबा)। चंबा-पठानकोट राष्टीय उच्चमार्ग पर परिहार के पास पहाड़ी दरकने से तीन घंटे यातायात अवरुद्ध रहा। बुधवार को पौने बारह बजे अचानक परिहार के पास पहाड़ी दरक गई। गनीमत रही कि पहाड़ी के मलबे की चपेट में कोई राहगीर या वाहन नहीं आया।
अन्यथा जानमाल का नुकसान हो सकता था। वहीं पहाड़ी दरकने से मार्ग अवरुद्ध हो गया। इससे वाहनों की आवाजाही दोनों तरफ से ठप हो गई। इसके चलते दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। इसके साथ ही मार्ग बंद होने की सूचना एनएच प्रबंधन को दे दी गई ।
सूचना मिलते ही प्रबंधन की ओर से मार्ग को बहाल करने के लिए मशीनरी और मजदूर मौके पर पहुंचे। मार्ग बंद होने से पौने बारह बजे से लेकर शाम तीन बजे तक चंबा से पठानकोट की तरफ कोई भी बस नहीं जा सकी। दूसरी तरफ से भी बसों सहित अन्य वाहनों की कतारें लगी रहीं। तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल किया गया।
राहगीर चैन लाल, हंसराज, कमल कुमार, जितेंद्र, रवि कुमार, सरवन कुमार, दीपराज और नरेंद्र ने बताया कि उपरोक्त स्थान पर अचानक पहाड़ी दरक गई। इस कारण यातायात अवरुद्ध हो गई। राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोगों ने वाहन बदल कर सफर पूरा किया। जबकि ज्यादातर वाहनों में बैठकर मार्ग खुलने का इंतजार करते रहे।
एनएच के सहायक अभियंता कनव बड़ोत्रा ने बताया कि परिहार के पास भूस्खलन से मार्ग अवरुद्ध हो गया था। मार्ग को बहाल कर दिया गया है।