भरमौर (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र भरमौर की 29 पंचायतों में 12 घंटे तक ब्लैक आउट रहा। शनिवार रात बारह बजे बर्फबारी की वजह से क्षेत्र में बिजली गुल हो गई। जोकि रात भर बहाल नहीं हो पाई। रविवार को दोपहर बाद बिजली की आपूर्ति बहाल हो पाई। बिजली बहाल होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। भरमौर में शनिवार शाम के समय बर्फबारी शुरू हो गई। यहां करीब दस इंच तक बर्फबारी हुई है।
बर्फबारी से तहसील मुख्यालय के साथ बिजली की लाइन टूटने से 29 पंचायतों की बिजली गुल हो गई। इसकी वजह से भरमौर के लोगों ने पूरी रात कड़ाके की ठंड में काटी। रविवार को सुबह जब बिजली की आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो लोगों ने बिजली बोर्ड के अधिकारियों को इस बारे में सूचित किया।
बोर्ड के कर्मचारियों ने टूटी बिजली लाइन को दोपहर तक ठीक करवाया। इसके बाद भरमौर की पंचायतों में बिजली की आपूर्ति बहाल हो पाई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और बिजली बोर्ड से मांग की कि भरमौर में बर्फबारी के दौरान बिजली की उचित व्यवस्था के प्रबंध किए जाएं। जिससे लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। बोर्ड के सहायक अभियंता बिक्रम शर्मा ने बताया कि भरमौर में बिजली की आपूर्ति बहाल हो चुकी है।