बनीखेत (चंबा)। नैनीखड्ड में पर्यटकों की जिंदगी को दांव पर लगाकर अवैध रूप से पैराग्लाइडिंग करवाई जा रही है। हैरानी इस बात की है कि जो लोग पैराग्लाइडिंग करवा रहे हैं, उनके पास पर्यटन विभाग और प्रशासन की तरफ से कोई अनुमति नहीं है। बावजूद इसे क्षेत्र में बड़े पैराग्लाइडिंग करवाई जा रही है। रोमांच के चक्कर में पर्यटक भी अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। इससे कभी भी हादसा हो सकता है।
पैराग्लाइडिंग की अनुमति को लेकर पर्यटकों को भी अंधेरे में रखा जा रहा है।
खज्जियार में बिना अनुमति होने वाली पैराग्लाइडिंग में दो पर्यटक अपनी जान गंवा चुके हैं। इसके बावजूद प्रशासन अवैध पैराग्लाडिंग को रोकने के लिए सख्त कार्रवाई नहीं कर रहा है।
सहायक पर्यटन अधिकारी सुरजीत कुमार ने बताया कि नैनीखड में पैराग्लाइडिंग को लेकर विभाग की ओर से कोई अनुमति प्रदान नहीं की गई है। पैराग्लाइडिंग करवाने वालों को विभाग ने पहले भी चेतावनी दी थी। बावजूद इसके वहां पर पैराग्लाइडिंग करवाई जा रही है। विभाग जल्द ही इसमें कड़ी कार्रवाई अमल में लाएगा।