चंबा। परिवहन निगम एक तरफ लोगों को बेहतर सुविधा देने के दावे करता है तो दूसरी तरफ बंद पड़े रूटों को बहाल करने में नाकाम साबित हो रहा है। चंबा-मंगलेरा रूट पर चलने वाली एचआरटीसी की बस सेवा बंद पड़ी है। लोगों का आरोप है कि यह बस लगभग 10 महीनों से रूट पर नहीं चल रही है। मजबूर यात्रियों को निजी बसों में सफर करना पड़ता है, जो कि सवारियों से भरी रहती है। लोगों का कहना है कि इस बारे में निगम प्रबंधन को कई बार अवगत करवाया जा चुका है।
बावजूद, इसके समस्या का समाधान आज दिन तक नहीं हो पाया है। चंबा-मंगलेरा रूट की बस मंगलेरा से सुबह 6:00 बजे चंबा के लिए निकलती रही है। इसमें विद्यार्थियों सहित नौकरी पेशा लोग आवाजाही करते थे। जबसे इस बस को बंद किया गया है, तबसे विद्यार्थी मजबूर होकर निजी बस में सफर करते हैं, जो कि, काफी देर से रूट पर चलती है। ग्रामीण सुनील कुमार, मोहित कुमार, विशाल कुमार, काजल कुमारी, मीना देवी और सरोज कुमारी ने निगम प्रबंधन से चंबा-मंगलेरा रूट पर बस सेवा बहाल करने की मांग की है।
मामला उनके ध्यान में है। समस्या का समाधान करने के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे।
शुगल सिंह, डीडीएम, एचआरटीसी डिपो चंबा