खज्जियार (चंबा)। दो सप्ताह पहले हुई बर्फबारी बर्फबारी के बाद अवरुद्ध खज्जियार-लक्कड़मंडी मार्ग को बहाल करने का काम रूक गया है। सड़क से बर्फ हटाने काम काम करने वाली जेसीबी के खराब होने से यह समस्या आई है।
दो दिन पहले मशीन की प्रेशर पाइप फट गया था वहीं, दूसरी तरफ मशीन में डीजल भी खत्म हो गया है। ऐसे में मार्ग बहाल करने का काम रूक गया है वहीं क्षेत्र के लोगों को सड़क बहाली के लिए लंबा इंतजार करना होगा।
सड़क बाधित होने के कारण पर्यटकों सहित स्थानीय ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि दो दिन पहले मशीन खराब होने के बावजूद अब तक इसे दुरुस्त नहीं करवाया गया है। इस बात को लेकर उनमें काफी रोष है।
खज्जियार पंचायत के उपप्रधान ओम प्रकाश, चंद्रेश कुमार, अशोक कुमार, मदन लाल, सन्नी कुमार, प्रदीप कुमार और चंद राम का कहना है कि लोनिवि मंडल डलहौजी की कार्यप्रणाली काफी सुस्त है। उन्होंने मांग की कि जल्द मार्ग को बहाल किया जाए।
लोनिवि चंबा-कांगड़ा जोन के मुख्य अभियंता संजीव कुमार ने बताया कि यह मामला ध्यान में लाया गया है। विभाग ने सभी अधिशाषी अभियंताओं को सड़कें बहाल करने के आदेश दिए हैं। इस बारे में लोनिवि मंडल डलहौजी को आदेश जारी किए जाएंगे।