घरों और प्रतिष्ठानों में विधि-विधान से हुआ लक्ष्मी-गणेश पूजन, देर रात तक चला जश्न
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिला मुख्यालय में दिवाली का त्योहार पारंपरिक उल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। शाम ढलते ही शहर के घरों और बाजारों में दीपों और रंग-बिरंगी रोशनी की छटा बिखर गई। लोगों ने घरों और प्रतिष्ठानों को फूलों, दीपों और विद्युत लड़ियों से सजाकर दीपोत्सव की खुशियां मनाईं।
शाम को महिलाओं ने घरों में विधि-विधान से मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद घरों और प्रतिष्ठानों में दीप जलाए गए। बच्चों और युवाओं ने पटाखे चलाकर त्योहार का उत्साह बढ़ाया। आतिशबाजी से देर रात तक शहर गूंजता रहा। इस दौरान लोगों ने रिश्तेदारों और परिचितों के घर पहुंचकर मिठाइयां बांटीं और एक-दूसरे को दिवाली की शुभकामनाएं दीं। पूरे शहर में देर रात तक उत्सव की रौनक बनी रही। संवाद