चंबा-होली मार्ग पर गरोला के पास ब्लास्टिंग की वजह से सड़क पर गिरी चट्टानें।
- फोटो : Chamba
चंबा। चंबा-होली मार्ग बुधवार दोपहर के समय ब्लास्टिंग की वजह से वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। इस वजह से चंबा से होली और होली से चंबा जाने वाली आधा दर्जन सरकारी और निजी बसों समेत दर्जनों वाहन फंस गए। इसके बाद यात्रियों को वाहन बदलकर गंतव्य के लिए रवाना कियागया। वहीं खबर लिखे जाने तक मार्ग बहाल नहीं हो पाया था।
जानकारी के अनुसार बुधवार को चंबा-होली मार्ग पर गरोला से एक किमी दूर सड़क की चौड़ाई का कार्य चला था। इस दौरान ठेकेदार ने पत्थरों को तोड़ने के लिए ब्लास्टिंग की। इससे पूरी चट्टान सड़क पर आ गिरी। गनीमत रही कि चट्टान की चपेट में कोई भी कामगार या वाहन नहीं आया। वहीं मार्ग बाधित होने की सूचना मिलते ही लोनिवि की टीम मौके पर पहुंच गई। इससे होली और चंबा की तरफ वाहनों की कतारें लग गई। वाहनों में सफर करने वाले लोग ठेकेदार के ऊपर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सड़क पर ब्लास्टिंग का समय निर्धारित होना चाहिए। ठेकेदार को लोगों की सुविधा को देखते हुए रात के समय ब्लास्टिंग करनी चाहिए। वहीं मार्ग बाधित होने से फंसे लोगों को प्रशासन बसें बदलकर गंतव्यों की ओर रवाना किया। देर शाम तक लोनिवि मार्ग को बहाल करने में जुटा हुआ था।
लोनिवि के कनिष्ठ अभियंता जालम शर्मा ने बताया कि मार्ग पर ब्लास्टिंग की वजह से मार्ग अवरुद्ध हुआ है। मार्ग को बहाल करने का कार्य प्रगति पर है। जल्द ही मार्ग यातायात के लिए बहाल कर दिया जाएगा।