चंबा अग्निशमन वाहनों के सामने लगी रेहड़ियां।संवाद
- फोटो : Chamba
चंबा। चंबा शहर की सड़कों में अतिक्रमण से राहगीर और चालक परेशान हैं। वहीं दमकल विभाग भी इससे परेशान है। विभाग की पानी से भरी गाड़ियों के आगे रोजाना रेहड़ी संचालक रेहड़ियों को खड़ा कर देते हैं। इसके अलावा फड़ियां भी लगाई जा रही हैं जो किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में परेशानी का कारण बन सकती हैं।
जब भी शहर या साथ लगते इलाकों में अग्निकांड या अन्य आपदा होती है तो मदद के लिए सबसे पहले दमकल विभाग को बुलाया जाता है। ऐसे में रेहड़ी-फड़ी से घिरी गाड़ियों को वहां से निकालना विभाग के लिए मुश्किल हो जाता है। समस्या के बारे में विभागीय अधिकारी कई बार जिला प्रशासन, नगर परिषद और पुलिस को अवगत करवा चुके हैं लेकिन अभी तक किसी ने भी इस दिशा में उचित कदम नहीं उठाए हैं। जब भी विभागीय अधिकारी इसकी शिकायत करते हैं तो उसके अगले दिन रेहड़ियों को हटाने के लिए नगर परिषद और पुलिस के कर्मचारी पहुंच जाते हैं लेकिन एक दिन हटाने के बाद दोबारा कोई भी वहां मुड़कर नहीं देखता।
इसकी वजह से यहां अतिक्रमण कम नहीं हो रहा है। शहर के अन्य स्थानों पर भी सड़क किनारे दुकानदार अपना सामान सजा रहे हैं। इससे राहगीर और वाहन चालक काफी परेशान हैं। कार्यकारी फायर अधिकारी चैन लाल ने बताया कि उनकी गाड़ियों के आगे सजाई जा रही रेहड़ियों को हटाने के लिए वे कई बार पुलिस और नप को अवगत करवा चुके हैं लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं की गई है। नप अध्यक्ष नीलम नैयर ने बताया कि अतिक्रमण को हटाने के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे।