चंबा। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय करियां की छात्राओं की ओर तैयार की चंबा कढ़ाई की कृति जिला समन्वयक डॉ. कविता बिजलवान ने उपायुक्त मुकेश रेपसवाल को भेंट की। इस मौके पर छात्रावास की शिक्षक नसीम अख्तर और मैहला हॉस्टल की वार्डन रोहिणी शर्मा मौजूद रहीं। जिलाधीश चंबा मुकेश रेपसवाल ने बालिकाओं द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। जिला समन्वयक डॉ कविता बिजलवान ने बताया कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय छात्रावास में बालिकाओं को पढ़ाई के साथ क्राफ्ट वर्क भी सिखाया जाता है। इसके तहत अलग-अलग छात्रावासों में कई प्रकार का सामान तैयार किया जाता है। इनमें जूट के बैग, चंबा कढ़ाई के रुमाल, सिलाई, क्रोशिया से बनाया सामान, वॉल पेंटिंग, वॉल हैंगिंग और कुशन इत्यादि शामिल हैं। अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले में भी छात्रावास की बालिकाओं द्वारा बनाए सामान की प्रदर्शनी भी लगाई थी, जिसे सभी लोगों ने खूब सराहा।