चंबा। परिवहन निगम के चंबा डिपो ने दीपावली के लिए चलाईं विशेष बसों से करीब छह लाख रुपये की कमाई की है। निगम प्रबंधन ने लोगों की मांग पर चंडीगढ़ और बद्दी के लिए 14 स्पेशल बसें चलाई थीं।
इनके जरिये सवारियों को लाने और ले जाने का कार्य किया गया। पहली बार निगम प्रबंधन ने स्थानीय रूटों को प्रभावित नहीं होने दिया। अब शुक्रवार को सवारियां कम होने पर दो बसों को ही चंडीगढ़ और बद्दी तक चलाया गया। अब प्रबंधन की रविवार को यात्रियों की संख्या बढ़ने पर बसें फिर से चलाने की योजना है। गौरतलब है कि त्योहारी सीजन में चंबा डिपो ने चंडीगढ़ और बद्दी के लिए 14 स्पेशल बसें चलाई थीं।
चंबा के अधिकांश युवा-युवतियां नौकरी और पढ़ाई के सिलसिले में चंडीगढ़ और बद्दी में रहते हैं। ऐसे में परिवार के साथ दिवाली मनाने के लिए घर पहुंचे। प्रबंधन ने चंडीगढ़, बद्दी से लोगों काे लाने और ले जाने के लिए 14 बसें तैनात कीं। इनसे दो दिन में एचआरटीसी प्रबंधन को करीब छह लाख रुपये की कमाई हुई है। शुक्रवार को महज दो गाड़ियां ही स्पेशल रूटों पर दौड़ पाईं। अब रविवार तक इन रूटों पर सवारियां बढ़ने की उम्मीद है। बीते वर्ष प्रबंधन की ओर से चंडीगढ़ और बद्दी के लिए दस बसें चलाई गई थीं।
एचआरटीसी चंबा डिपो के आरएम शुगल सिंह ने बताया कि बीते वर्ष 10 बसें और इस बार 14 स्पेशल बसें लोगों की डिमांड पर चलाई गई हैं। बताया कि दो दिन में छह लाख के करीब कमाई हुई है। रविवार को सवारियां बढ़ने की फिर से उम्मीद है।