60 कॉलेजों को पीछे छोड़ प्रश्नोत्तरी में पाया पहला स्थान, अब हिमाचल का प्रतिनिधित्व करेगी टीम
135 अंक के साथ पांचों चरण में बनाई बढ़त, सात साल से फाइनल में पहुंच रही टीम
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के अंतर महाविद्यालय युवा उत्सव समूह-1 (सृजनात्मकता) में राजकीय महाविद्यालय चंबा की प्रश्नोत्तरी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया।
राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय चौड़ा मैदान, शिमला में 16 से 18 सितंबर तक आयोजित युवा उत्सव में प्रदेशभर के करीब 60 महाविद्यालयों के लगभग 600 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में चंबा कॉलेज की तीन सदस्यीय टीम ने पहले चरण में बेहतरीन प्रदर्शन कर अंतिम पांच टीमों में जगह बनाई। इसके बाद फाइनल मुकाबला हुआ। फाइनल के सभी पांच चरणों में चंबा कॉलेज की टीम ने बढ़त बनाए रखी। हितेश कुमार, रोहित कुमार और राहुल देवल की टीम ने कुल 135 अंक हासिल कर पहला स्थान अपने नाम किया।
युवा उत्सव के समापन समारोह में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. महावीर सिंह ने विजेता टीम को पुरस्कार और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। जीत के साथ टीम को अब उत्तर क्षेत्रीय अंतर विश्वविद्यालय युवा उत्सव की प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
टीम प्रभारी प्रो. अविनाश ने बताया कि चंबा कॉलेज के विद्यार्थियों ने प्रश्नोत्तरी के अलावा वाग्मिता, वाद-विवाद, रंगोली, पोस्टर निर्माण, कार्टून निर्माण, मूर्तिकला, कोलाज, स्पॉट पेंटिंग और भाषण सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया। उन्होंने बताया कि प्रश्नोत्तरी टीम पिछले सात वर्षों से युवा उत्सव समूह-1 के फाइनल में पहुंच रही है। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश राठौर ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी है।