भरमौर(चंबा)। हिमाचल प्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड लाहल में सब स्टेशन का निर्माण पूरा हो चुका है। इस सब स्टेशन के चालू होने पर जहां भरमौर क्षेत्र में पैदा होने वाली अनुमानित सात सौ मेगावाट बिजली को राष्ट्रीय ग्रिड तक पहुंचाया जाएगा, वहीं, भरमौर और चंबा सहित अन्य क्षेत्रों में चौबीस घंटे बिजली बिना कट के उपलब्ध रहेगी। लाहल सब स्टेशन के चालू हो जाने से भरमौर, गरोला और होली की करीब आठ हजार विद्युत उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा।
इससे पूर्व चंबा से 33 केवी लाइन 40 किलोमीटर तक बिछाकर लाहल तक पहुंचाई गई थी। यहां से भरमौर क्षेत्र के बिजली आपूर्ति की जाती थी। मगर लाहल में सब स्टेशन में बनने से, भरमौर के लिए बिजली की आपूर्ति यहीं से होगी, इसके अलावा चंबा से भरमौर होने वाली बिजली की आपूर्ति भी शहर के लिए हो सकेगी।
इससे दोनों ही जगहों पर लोगों को बिजली कटों से निजात मिलेगी तो वहीं 24 घंटे आपूर्ति मिल सकेेगी। उप मुख्य अभियंता एमएल शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में विभिन्न जल परियोजनाओं से उत्पादित होने वाली बिजली की निकासी के लिए कॉरपोरेशन ने 220 केवी सिंगल सर्किट ट्रांसमिशन लाइन का निर्माण बुद्धिल जल परियोजना से लाहल तक किया है।
खणी के लोग लाइन और टावर के नजदीक न जाएं
यह लाइन मुहाल खणी और लाहल से होकर गुजरती है। इस लाइन को 26 जून को 220 केवी पर चार्ज कर दिया जाएगा। उन्होंने ग्राम पंचायत खणी के सभी ग्रामीणों से आह्वान किया है कि वे इस लाइन के टावर के समीप न जाएं और न ही टावर चढ़ें। मवेशियों को भी इससे दूर रखें। जिससे किसी प्रकार की अप्रिय घटना न को रोका जा सके।