भरमौर (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र भरमौर में आखिरकार सप्ताह के बाद दैनिक उपयोग की वस्तुएं दूध, अंडा, ब्रेड और सब्जियों की सप्लाई पहुंच गई। भरमौर-पठानकोट हाईवे को बग्गा और लोथल के पास हाईवे प्रबंधन की ओर से रिकॉर्ड समय में बहाल करवाकर ग्रामीणों को राहत प्रदान करने का काम किया है। हालांकि, विभागीय टीम ने मध्यरात्रि साढ़े तीन बजे हाईवे बहाल करवाकर छोटे वाहनों की आवाजाही आरंभ कर दी। इसके बाद मिट्टी कच्ची होने पर सुबह सात से आठ बजे तक हाईवे को पुन: बंद कर सोलिंग कर वाहनों की रफ्तार को रुकने नहीं दिया। सायं चार बजे के करीब प्रबंधन की ओर से बड़ी गाड़ियों को भी हाईवे से गुजारा गया। हाईवे बहाल हो जाने से ग्रामीणों, नौकरीपेशा लोगों और राहगीरों ने राहत की सांस ली।
गौर रहे कि एक सप्ताह पूर्व भारी बारिश के चलते भरमौर-पठानकोट हाईवे बग्गा, लोथल, कमनाला समेत जगह-जगह भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हो गया था। शनिवार सुबह साढ़े तीन बजे सड़क को बहाल किया गया। इसके बाद प्रबंधन ने लोथल और कमनाला में मशीनरी लगा कर हाईवे को सुचारु करवाया। हाईवे पर वाहनों की आवाजाही सुचारु होने से लोगों ने राहत की सांस ली।
एनएच मंडल चंबा के अधिशासी अभियंता संजीव महाजन ने खबर की पुष्टि की है। बताया कि रात साढ़े तीन बजे हाईवे छोटे वाहनों के लिए बहाल करवा दिया। जबकि, शनिवार सायं चार बजे बड़े वाहनों और बसों की आवाजाही भी आरंभ करवा दी गई है।