संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। चंबा कॉलेज में अब विद्यार्थियों को बास्केटबाल का अभ्यास करने के लिए चोटिल नहीं होना पड़ेगा। लोक निर्माण विभाग ने यहां करीब तीन लाख रुपये खर्च कर बास्केटबाल कोर्ट का निर्माण कर दिया है। अब विद्यार्थियों को बास्केटबाल खेलने के लिए बेहतर कोर्ट की उपलब्धता हो गई है।
कॉलेज प्रशासन का परिसर में बास्केटबाल कोर्ट बनवाने का मकसद विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा को बढ़ाव देना है। जानकारी के अनुसार कोर्ट में पांच परतें फाइबर की बिछाई गई है। इससे विद्यार्थियों को खेलते समय किसी प्रकार की चोट का खतरा नहीं रहेगा।
बहरहाल, इस बास्केटबाल कोर्ट में जल्द ही कॉलेज विद्यार्थी अभ्यास करते नजर आएंगे। चंबा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. शिवदयाल का कहना है कि कॉलेज में बास्केटबाल कोर्ट का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इससे विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।
लोक निर्माण विभाग चंबा के अधिशासी अभियंता जीत सिंह ठाकुर ने बताया कि बास्केटबाल कोर्ट के निर्माण पर करीब तीन लाख रुपये की राशि खर्च की गई है।