चंबा में पांगी के साच पास को बहाल करने में जुटी मशीन।संवाद
तीसा (चंबा)। चंबा-बैरागढ़-साचपास-किलाड़ मार्ग पर सोमवार 10 जून से वाहनों की आवाजाही शुरू हो जाएगी। चुराह की तरफ से साच-पास तक मार्ग बहाल को बहाल करते लोक निर्माण विभाग की टीमें साचपास टॉप पर पहुंच चुकी हैं।
अब किलाड़ की तरफ से (भूत ग्राउंड) से ऊपर साच-पासपास टॉप तक सड़क के कुछ मीटर हिस्से से बर्फ हटाना शेष है। बीते दिनों मौसम के करवट बदलने से बर्फबारी हो गई थी। इस कारण मार्ग को बहाल करने में दो दिन का समय और लगेगा। पहले इस मार्ग को शनिवार को बहाल करने का लक्ष्य रखा गया था। अब सोमवार से इससे वाहनों की आवाजाही शुरू होगी। जल्द प्रशासनिक अधिकारी भी इस मार्ग का निरीक्षण कर सकते हैं। मार्ग बहाल होने के बाद जनजातीय क्षेत्र पांगी के लोगों को जिला मुख्यालय चंबा पहुंचने के लिए वाया जम्मू-कश्मीर 650 से 700 किलोमीटर या मनाली होकर सफर नहीं करना पड़ेगा। समुद्र तल से 14,500 फीट की ऊंचाई पर स्थित साच पास को यातायात के लिए बहाल करने में लोक निर्माण जुटा है। साच-पास में डोजर, एलएनटी, जेसीबी समेत 24 कर्मचारी मार्ग की बहाली में जुटे हैं।
टीम ने चुराह से साच-पास तक मार्ग बहाल कर साचपास टॉप पर मशीनें पहुंचा दी हैं। अब किलाड़ की तरफ से (भूत ग्राउंड) से ऊपर साच-पासपास टॉप तक कुछ ही मीटर के हिस्से से बर्फ हटाना शेष है। बीते दिनों हुई बर्फबारी के कारण शनिवार को मार्ग बहाल करने के प्रयासों को झटका लगा है। अब अधिकारी सोमवार तक मार्ग को खोलने की बात कर रहे हैं। चंबा से वाया साच पास किलाड़ की दूरी करीब 172 किलोमीटर है। किलाड़ से वाया मनाली यही दूरी करीब 650 किलोमीटर और वाया जम्मू करीब सात सौ किलोमीटर है।
उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दिनेश कुमार ने कहा कि बीते दिनों होने वाली बर्फबारी से मार्ग की बहाली में अड़चन आई थी। अब सोमवार तक मार्ग को बहाल करवा दिया जाएगा।