चंबा। जिले में शनिवार को मेडिकल कॉलेज के एक डॉक्टर और स्टाफ नर्स समेत नौ लोग कोरोना पॉजिटिव आए हैं। तीसरा संक्रमित व्यक्ति सीआईडी का कर्मी बताया जा रहा है। डॉक्टर के कोरोना पॉजिटिव आने से विभाग की चिंताएं बढ़ गई है क्योंकि उसे कई लोगों की जांच की होगी। ऐसे में कई लोगों के इनके संपर्क में आने की आशंका है।
रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद तीनों को उपचार के लिए कोविड केयर सेंटर में शिफ्ट कर दिया गया है। तीन संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की सूची तैयार की जा रही है। स्वास्थ्य कर्मचारियों के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद संबंधित वार्ड को पूरी तरह से सैनिटाइज किया गया। नौ कोरोना संक्रमित आने के अलावा दो मरीजों ने कोरोना से जंग भी जीती है। नए मामले आने के बाद जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 118 हो गई है। वहीं 361 कोरोना मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। जिले में अभी तक चार लोगों की कोरोना की वजह से मौत हो चुकी है। जिले में चंबा मेडिकल कॉलेज की पीसीआर लैब में ही कोरोना सैंपलों की जांच हो रही थी। मगर अब स्वास्थ्य विभाग ने भरमौर और पांगी में भी कोरोना की जांच शुरू करने की योजना बनाई है। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गुरमीत कटोच ने बताया कि चंबा में नौ कोरोना संक्रमित निकले हैं। इन्हें कोविड केयर सेंटर में शिफ्ट किया गया है।