चंबा। जिला रोजगार कार्यालय चंबा उप रोजगार कार्यालयों में कैंपस इंटरव्यू का आयोजन करवाएगा। इस संदर्भ में रोजगार कार्यालय की ओर से शेड्यूल जारी कर दिया गया है। इसके तहत निजी कंपनी ऑपरेटर, हेल्पर, मशीन मैन, असिस्टेंट फीटर और असिस्टेंट इलेक्ट्रिशियन के 150 पद भरेगी।
इसके लिए शैक्षणिक योग्यता, दसवीं, जमा दो और आईटीआई का डिप्लोमा अनिवार्य रहेगा। इसके अलावा आयु सीमा 18 से 32 वर्ष तय की गई। चयनित अभ्यर्थियों को मासिक भत्ता/वेतमान प्रदेश में 7300 से 12500 रुपये व अन्य लाभ दिए जाएंगे।
जानकारी के अनुसार तीन फरवरी को उपरोजगार कार्यालय तीसा, चार फरवरी को चुवाड़ी, छह फरवरी को सुंडला और सात फरवरी को कोटी में यह साक्षात्कार होंगे। विभाग की ओर से इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है।
इच्छुक आवेदक को साक्षात्कार के दौरान शैक्षणिक योग्यता के मूल प्रमाणपत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, रोजगार कार्यालय प्रमाणपत्र, आधार कार्ड और बायोडाटा लाना होगा। साक्षात्कार प्रक्रिया साढ़े दस बजे से शुरू होगी। जिला रोजगार अधिकारी अरविंद चौहान ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि कैंपस इंटरव्यू का आयोजन विभिन्न रोजगार कार्यालयों में किया जा रहा है। उप रोजगार कार्यालयों में साक्षात्कार आयोजित करने का मकसद ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को राहत पहुंचाना है।