तीसा (चंबा)। चुराह विस क्षेत्र के तहत परिक्षेत्र में खाद्य आपूर्ति विभाग के निरीक्षक ने आटे, मूंग , उड़द और डिपुओं में निशुल्क मिलने वाले काले चने के सैंपल भरे हैं।
विभागीय निरीक्षक ने ये सैंपल उपमंडल तीसा के तहत गुवाड़ गांव की आटा मील और तीसा में खाद्य आपूर्ति कारपोरेशन के गोदाम से लिए हैं।
सैंपल लेने के बाद विभागीय टीम ने सैंपलों को विभागीय कार्यालय चंबा भेजा है। यहां से सैंपलों को जांच के लिए शिमला भेजा जाएगा। खाद्य आपूर्ति विभाग के निरीक्षक की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
गौरतलब हो कि लॉक डाउन के दौरान लोगों को मिलने वाले राशन में गुणवत्ता का ध्यान रखते हुए विभाग ने यह कार्रवाई की है।
खाद्य आपूर्ति विभाग के निरीक्षक भूपिंद्र सिंह ने बताया कि गुवाड़ी आटा मील से आटे का सैंपल और खाद्य आपूर्ति कारपोरेशन के गोदाम से उड़द, मूंग सहित बीपीएल और अंतोदय परिवारों को वितरित होने वाले निशुल्क काले चने की सप्लाई के पहुंचनेपर उसके सैंपल लिए गए हैं। इन्हें शिमला जांच के लिए भेजा जाएगा।