चंबा। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सुभाष चंद्र भसीन ने यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों पर नकेल कसनी शुरू कर दी है।
मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी ने दो दिन में मुख्य बाजार और बालू में यातायात नियम तोड़ने वाले 18 बिगड़ैल चालकों के चालान कर 12,900 रुपये जुर्माना वसूला है। बिना कागजात वाहन दौड़ाने वालों को पुन: पकड़े जाने पर वाहन जब्त करने की चेतावनी दी है। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी ने बीते शुक्रवार को शहर के मुख्य बाजार और बालू में ट्रैफिक चेकिंग के लिए नाके लगाए। शाम 4:00 बजे से 5:00 बजे तक लगाए गए नाके के दौरान 9 वाहन चालकों के चालान किए गए। चालान के रूप में इनसे 6500 रुपये जुर्माना वसूला गया। वाहन चालकों को सख्त हिदायत देकर छोड़ा।
शनिवार को पुन: मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी बालू पुल के पास शाम को 4:00 से 5:00 बजे तक नाका लगाया। इस दौरान 9 वाहन चालकों के चालान कर 6400 रुपये जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा शनिवार को न्यायालय में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सुभाष चंद्र भसीन की अदालत ने 17 चालानों का निपटारा किया। इसकी एवज में वाहन चालकों से 55 हजार रुपये जुर्माना के रूप में वसूले गए।