चंबा। शहर में कोरोना कर्फ्यू ढील के दौरान शनिवार को पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस ने बीस चालान कर दस हजार रुपये जुर्माना वसूला। पुलिस ने यह कार्रवाई उन दुकानदारों के खिलाफ की, जो किराना, चिकन और अन्य दुकानें खोलकर बैठे हुए थे। जबकि, सरकार के निर्देशानुसार अब कोरोना कर्फ्यू के बीच सिर्फ केमिस्ट, दूध और सब्जी विक्रेता ही तीन घंटे के लिए अपनी दुकानें खोल सकते हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई से शहरी क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा।
जानकारी के मुताबिक पुलिस थाना सदर चंबा की टीम ने शहर के मुख्य बाजार, हरदासपुरा, जुलाहकड़ी, मुगला और करियां सहित अन्य बाजारों का निरीक्षण किया। यहां किराना और कॉन्फेक्शनरी की दुकानें खुली पाई गई। पुलिस ने ऐसे दुकानदारों का चालान कर दुकानों को बंद करवा दिया। पुलिस ने सख्त निर्देश जारी किए हैं कि हर दिन सिर्फ जरूरी वस्तुओं की दुकानें ही खुल सकती हैं। इसके लिए प्रशासन ने पहले ही आदेश जारी कर दिए हैं।
गौरतलब है कि शनिवार को शहर के मुख्य बाजार में भी लोगों की चहलकदमी काफी कम रही। इक्का-दुक्का लोग ही खरीदारी करते नजर आए। पुलिस टीम बाजार में गश्त करती दिखी। थाना प्रभारी शकिनी कपूर ने बताया कि शनिवार को दोपहर तक बीस दुकानदारों को चालान थमाकर दस हजार रुपये की राशि जुर्माने के तौर पर वसूली। कहा कि नियमों की अवहेलना करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।