खज्जियार (चंबा)। खज्जियार में बुधवार को किराना और सब्जी की दुकानों में ताला लटका रहा। इस कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस वजह से खज्जियार क्षेत्र में रहने वाली दो हजार से अधिक की आबादी जरूरी सामान नहीं मिल पाया। ऐसा ही चलता रहा तो आने वाले दिनों में लोगों को भुखमरी का सामना करना पड़ेगा।
लोगों ने बताया कि उनके पास घरों में पर्याप्त मात्रा में राशन और सब्जियों का स्टॉक नहीं है। लोग जरूरत के अनुसार रोजाना दुकानों से राशन और सब्जी खरीदते हैं। राजेश कुमार, चैन सिंह, रवि कुमार, हंसराज, कमल कुमार, जितेंद्र, योगराज, केवल और प्रीतम ने बताया कि खज्जियार में बुधवार को जब लोग सब्जी खरीदने के लिए दुकानों में गए, तो वहां पर ताले लटके थे।
दुकानदार पुलिस की कार्रवाई के डर से दुकानों को खोलने से परहेज कर रहे हैं। उन्होंने जिला प्रशासन और सरकार से मांग की कि खज्जियार में सब्जी और किराना दुकानों को खोलने की अनुमति प्रदान की जाए।
खज्जियार पुलिस चौकी में तैनात हेड कांस्टेबल परवेश कुमार ने बताया कि दुकानदार वीरवार को सब्जी और किराना की दुकानें खोल सकते हैं। इसमें लोग बारी-बारी जाकर बिना भीड़ किए सामान खरीद सकते हैं।