पांगी (चंबा)। किलाड़ में बुधवार को आदि कर्म योगी अभियान का शुभारंभ उप मंडलाधिकारी (नागरिक) पांगी रमन घरसंगी ने किया। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत जिले के लगभग 156 गांवों को शामिल किया है, जिनमें उपमंडल पांगी के 48 गांव शामिल हैं। इसके अंतर्गत पांच विभागों के प्रमुख अधिकारियों व कर्मचारियों की एक संयुक्त टीम का गठन किया है। टीम आगामी पांच दिन तक पांगी की चिह्नित पंचायतों में विभिन्न शिविरों का आयोजन करेगी। इस दौरान स्वयं सहायता समूह, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, युवक मंडल, मल्टी टास्क वर्कर, पैरा पंप ऑपरेटर, फॉरेस्ट गार्ड, वन मित्र, पंचायत सचिव तथा सिलाई अध्यापिका भी सक्रिय रूप से कार्य करेंगे।
इनके सहयोग से ग्राम विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया जाएगा, जिसे आगे चलकर आदि सेवा केंद्र में संकलित कर केंद्र सरकार को प्रेषित किया जाएगा। टीम के द्वारा तैयार की गई रिपोर्ट के आधार पर पिछड़े गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए ग्रामवासियों से परामर्श लेकर योजनाएं भी तैयार की जाएंगी। इस अवसर पर विकासखंड अधिकारी योगेश वर्मा, विभिन्न विभागों के अधिकारी, महिला मंडलों के सदस्यों सहित आशा वर्कर भी उपस्थित रहीं।