चंबा। चंबा-जम्मुहार मार्ग पर रात के अंधेरे में नप के ठेकेदार की ओर से शहर का कूड़ा-कर्कट ठिकाने लगाते समय लुड्डू पंचायत के बाशिंदों ने उसे पकड़ लिया। इतना ही नहीं, इस दौरान ग्रामीणों और वाहन चालक के बीच काफी बहसबाजी भी हुई। आखिरकार यहां कूड़ा-कर्कट न फेंकने संबंधी लिखित बयान लेने के बाद ग्रामीणों ने कूड़े-कर्कट से भरी गाड़ी शहर के लिए लौटा दी। बावजूद इसके शनिवार दोपहर के समय गाड़ी चालक दोबारा कूड़ा-कर्कट उक्त मार्ग पर ठिकाने लगाने की मंशा से पहुंच गया। ऐसे में पंचायतवासियों ने जिला प्रशासन और उपमंडलाधिकारी नागरिक से नगर परिषद चंबा के सफाई ठेकेदार पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
ग्रामीणों पंकज, सनी, सुनील, कुलदीप कुमार, देवेंद्र, अजय कुमार, अशोक, विजय, विनोद कुमार और प्रकाश चंद ने बताया कि शहर से निकलने वाले टनों के हिसाब से कूड़े-कर्कट को ठेकेदार की ओर से शहर के आसपास के नदी-नालों और पर्यटन स्थलों के ईद-गिर्द ठिकाने लगाया जा रहा है। हैरानी की बात है कि प्रशासन और नगर परिषद भी ठेकेदार को मोटी रकम अदा करने के बावजूद उस पर नियमानुसार कार्रवाई अमल में नहीं ला पाई है। चंबा शहर के साथ रावी नदी, साल, खड्ड, सरोथा नाला, चामुंड़ा मंदिर के साथ स्थित चंबा-जम्मुहार मार्ग पर कूड़े-कर्कट के ढेर साफ देखे जा सकते हैं। मोटी कमाई के चक्कर में कूड़ा संयंत्र कुरांह में गाड़ी को न भेजकर नदी-नालों में ही ठिकाने लगाया जा रहा है। इससे चंबा की सुंदरता पर दाग लग रहा है। उपमंडलाधिकारी नागरिक अरुण कुमार ने बताया कि मामला ध्यान में लाया गया है। इसकी जांच की जाएगी।