चंबा। वन विभाग ने रात के अंधेरे में जीप में लादकर अवैध रूप से ले लाई जा रहीं भोज पत्र की 22 बोरियां पकड़ी हैं। शुक्रवार रात को वन विभाग को गुप्त सूचना मिली कि सनवाल से भंजराडू की तरफ एक जीप भोज पत्र की बोरियां लेकर जा रही है। जो व्यक्ति इन बोरियों को लेकर जा रहा है उसके पास वन विभाग का कोई परमिट भी नहीं है। इसकी सूचना मिलते ही वन विभाग ने अपनी टीम को मौके पर मुस्तैद कर दिया। विभागीय टीम ने ठिकाने पर पहुंचाने से पहले ही जीप को बीच रास्ते में पकड़ लिया। जब चालक को भोज पत्र को ले जाने का परमिट दिखाने को कहा गया तो उसके पास ऐसा कोई भी दस्तावेज नहीं मिल पाया। इसके चलते वन विभाग ने इन भोज पत्र से भरी बोरियों को अपने कब्जे में ले लिया। साथ में इस मामले को लेकर तीसा थाना में शिकायत दर्ज करवाई। अब पुलिस आपराधिक मामला दर्ज करके इस मामले में गहनता से जांच करेगी।
जंगबनी वन बीट के वन रक्षक अनिकेत कुमार ने बताया कि जंगल से किसी भी वन संपदा को निकालने के लिए वन विभाग परमिट जारी करता है। इस परमिट के बिना कोई भी वन संपदा को जंगल से नहीं लेकर जा सकता। ऐसे में जब विभाग ने जीप को पकड़ा तो उसके पास ऐसा कोई परमिट या दस्तावेज नहीं था जिससे यह साबित हो सकता कि भोज पत्र को व्यक्ति वैध रूप से लेकर जा रहा है। वन विभाग को काफी समय से सूचना मिल रही थी कि जंगलों से वन संपदा को अवैध रूप से निकालकर बाहर ले जाकर बेचा जा रहा है। इसके चलते विभाग ने अपने गुप्त सूत्रों को सक्रिय किया था। इसके फल स्वरूप विभाग इस कार्रवाई को अंजाम दे पाया।
चुराह के वन मंडल अधिकारी सुशील कुमार गुलेरिया ने बताया कि भोज पत्र की 22 बोरियों को जीप से बरामद किया गया है। इस मामले की विभाग ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी है। अब पुलिस मामले में आगामी जांच करेगी।