चंबा। साहो से चंबा की तरफ जा रही एक गाड़ी को पुलिस ने जब्त कर लिया है। इसके साथ गाड़ी में सवार चार लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 188 के तहत चंबा थाना में मामला दर्ज किया है।
चंबा में कोरोना पॉजिटिव केस आने के बाद जिला प्रशासन ने साहो परिक्षेत्र को सील कर दिया है। इसके साथ क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया गया है। लोगों को भी घर से बाहर न निकलने की हिदायत दी गई है।
लोग वाहनों की आवाजाही तभी कर सकते हैं, जब उनके पास प्रशासन की अनुमति होगी। लॉक डाउन की पालना करवाने के लिए पुलिस विभाग की ओर से जगह-जगह नाकेबंदी की गई है। नाकेबंदी में हर आने जाने वाले वाहनों की चेकिंग की जा रही है। इसके साथ ही वाहनों को चलाने की परमिशन भी चेक की जा रही है।
जानकारी के अनुसार में बालू पुलिस ने नाका लगाया था। इस दौरान पुलिस टीम ने साहो परिक्षेत्र से आ रही कार को जांच के लिए रोका। चालक से पास दिखाने को कहा गया। लेकिन, चालक के पास वाहन किसी तरह का पास नहीं पाया।
इसके बाद पुलिस ने गाड़ी को जब्त कर लिया। इसके बाद चालक व और में सवार अन्य तीन लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 188 के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस मामले की आगामी कार्रवाई को अंजाम दे रही है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. मोनिका ने बताया कि सड़कों पर दौड़ने वाले वाहनों के पास की चेकिंग हो रही है। बालू में एक कार को बिना पास पकड़ा गया है। इसको लेकर चार लोगों के खिलाफ मामला भी दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।