चंबा। भरमौर-पठानकोट एनएच पर भूस्खलन की जद में आकर रावी नदी में समाई कार तीसरे दिन बरामद हुई। वहीं, दुर्घटना में लापता पिता-पुत्र की तलाश में पुलिस ने बुधवार सुबह से अग्निशमन, पुलिस जवानों और ग्रामीणों के साथ मिलकर सर्च ऑपरेशन चलाया। बुधवार दोपहर पौने दो बजे रावी नदी में जलस्तर कम होने पर कार दिखाई दी, जिसे रस्सियों के जरिये बाहर निकालने का प्रयास किया गया। लेकिन, सफलता न मिलने पर क्रेन मंगवा कर ही गाड़ी को रावी से बाहर निकाला जा सका। वहीं, बुधवार देरशाम तक भी लापता पिता-पुत्र का कोई सुराग नहीं लगा।
गौरतलब है कि एनएच पर गत सोमवार सुबह साढ़े नौ बजे दुनाली के पास एक कार भूस्खलन की जद में आने से रावी नदी में समा गई। कार में एक ही परिवार के तीन सदस्य मौजूद थे। दुर्घटना के उपरांत महिला का शव दुनाली में रावी नदी से ग्रामीणों ने बाहर निकाल लिया जबकि, पिता-पुत्र का कोई भी सुराग नहीं लगा। ऐसे में मौके पर पहुंची पुलिस, अग्निशमन विभाग और ग्रामीणों ने लापता लोगों की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया।
वहीं, मंगलवार को ड्रोन और विद्युत परियोजना प्रबंधनों से जलाशयों का पानी बंद करवा कर भी लापता लोगों की तलाश की गई। लेकिन, मूसलाधार बारिश में प्रशासनिक और विभागीय प्रयास सफल नहीं हो पाए। इसी क्रम में बुधवार को मौसम साफ रहने पर दोबारा सर्च ऑपरेशन चलाया गया। दोपहर पौने दो बजे के करीब रावी नदी में गाड़ी नजर आई, जिसे निकालने के लिए क्रेन को मंगवाया गया। डीएसपी अभिमन्यु ने बताया कि रावी में समाई कार में सवार लापता लोगों का बुधवार को कोई सुराग नहीं लग पाया।
हालांकि, दोपहर के समय रावी का जलस्तर कम होने पर कार दिखी, जिसे रस्सियों से बाहर निकालने का प्रयास किया गया लेकिन, सफलता नहीं मिली। आखिरकार क्रेन के जरिये गाड़ी को नदी से बाहर निकाला गया।