चंबा। चंबा-जोत मार्ग पर भनेरा के पास पुलिस ने कार सवार को 1.08 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की टीम ने बुधवार को शाम के समय मार्ग पर नाका लगाया हुआ था। इस दौरान वहां से गुजरने वाले हर वाहन की जांच की जा रही थी। उसी दौरान एक कार को भी नाके पर रोका गया, जिसे आशीष निवासी गांव सल्ली डाकघर चुवाड़ी चला रहा था।
कार रोकने के बाद चालक ने एक डिब्बी को सड़क पर फेंक दिया, जिसे पुलिस ने शक के आधार पर चेक किया तो उसके अंदर चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने चिट्टे को जब्त करने के साथ ही आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। वहीं, कार को भी जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 21,25 के तहत मामला दर्ज किया है।
गौरतलब है कि जिले में चिट्टा तस्करी के कई मामले सामने आ रहे हैं। 26 फरवरी को भी पुलिस ने चिट्टे के साथ एक व्यक्ति को पकड़ा था। जबकि, इससे पहले भी कई लोग चिट्टे के साथ धरे गए हैं। इससे पता चलता है कि चंबा में चिट्टे का कारोबार धीरे-धीरे बढ़ रहा है। हालांकि, चिट्टे के कारोबारियों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ काम कर रही है। पुलिस ने कई तस्करों को सलाखों के पीछे भी धकेला है। पुलिस अधीक्षक अरुल कुमार ने बताया कि चंबा-जोत मार्ग पर पुलिस ने कार सवार को चिट्टे के साथ दबोचा है। पुलिस मामले की आगामी कार्रवाई कर रही है।