चंबा। होली उपमंडल की गरोला पंचायत के समीप पिल्ली में नशे में धुत युवकों की गाड़ी ने उपायुक्त की गाड़ी को टक्कर मार दी। घटना में उपायुक्त सहित गाड़ी में सवार अन्य किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं लगी जबकि गाड़ी को नुकसान पहुंचा है। सोमवार शाम को जब उपायुक्त डीसी राणा होली में सरकारी दौरा करके वापस चंबा जा रहे थे तो पिल्ली के पास एक कार उनकी गाड़ी से टकरा गई।
घटना के बाद उनकी गाड़ी का चालक और पीएसओ कार में सवार युवक के पास गए तो दोनों युवक नशे में धुत थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कार चालक का ड्रग एंड ड्राइव का चालान काटा। उपायुक्त ने उदारता दिखाते हुए दोनों युवकों के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज नहीं करवाया था। युवकों को इस शर्त पर छोड़ा गया कि वे भविष्य में कभी भी शराब पीकर गाड़ी नहीं चलाएंगे। इसके साथ युवकों ने गाड़ी को पहुंची क्षति की भरपाई करने की भी हामी भरी। घटना के बाद मौके पर काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही।