चंबा-जोत मार्ग पर मंगला में रविवार शाम करीब सवा छह बजे एक कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से नौ लोग घायल हो गए हैं। घायलों में चालक के अलावा महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। हादसे का शिकार सभी एक ही परिवर के सदस्य हैं जो रविवार को छुट्टी के चलते खजियार घूमने गए थे।
खजियार से वापस लौटते वक्त मंगला में अचानक कार की ब्रेक फेल हो गई। कार अनियंत्रित होता देख चालक नंद किशोरी निवासी लिग्गा सलूणी ने उसे मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे बनी पहाड़ी से टकरा दिया। कार की स्पीड ज्यादा होने की वजह से बह सड़क पर पलट गई। इस कारण कार में सवार सभी नौ लोग घायल हो गए। हादसे के दौरान हुए तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग घटनास्थल पर पहुंच गए और उन्होंने गाड़ी को सीधा कर उसमें फंसे सभी घायलों को बाहर निकाला। घायलों को एंबुलेंस की मदद से क्षेत्रीय अस्पताल चंबा में दाखिल करवाया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। घायलों की पहचान चालक नंद किशोर निवासी लिग्गा सलूणी, प्रोमिला पत्नी नंद किशोर, लता उम्र 18 पुत्री नंद किशोर, शिवम 10 साल पुत्र राजकुमार, शिवानी 12 साल पुत्री राजकुमार, सरिता उम्र 16 साल पुत्री प्यार सिंह, हिना उम्र 20 साल पुत्री प्यार सिंह, नेहा उम्र 5 साल पुत्री दौलत राम, लांबो देवी पत्नी अंगतु राम सभी निवासी लिग्गा सलूणी के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने चिकित्सकों और सहायक स्टाफ को मुस्तैद कर दिया था। घायलों को अस्पताल में तत्काल उपचार दिया गया है। सभी घायलों की हालत स्थिर बनी हुई है। एसएमओ जीवानंद चौहान ने बताया कि हादसे की खबर मिलने के बाद स्टाफ तैनात कर दिया गया था। वहीं, डीएसपी वीर बहादुर का कहना है कि पुलिस की टीम मौके पर भेज दी गई है। पुलिस इस मामले के कारणों की छानबीन करेगी।