साक्षात्कार में भाग लेने से पहले युवाओं को करवाना होगा ऑनलाइन पंजीकरण
रोजगार कार्यालय ने जारी किए निर्देश, निजी कंपनी सुरक्षा कर्मियों के 100 पद भरेगी
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। परिसर साक्षात्कार में भाग लेने वाले बेरोजगाराें को पहले ईईएमआइएस पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करवाना होगा। यह निर्देश जिला रोजगार कार्यालय ने जारी किए हैं।
ऑनलाइन पंजीकरण के बाद युवा परिसर साक्षात्कार में भाग ले सकेंगे। जिला रोजगार कार्यालय सुरक्षा कर्मियों की भर्ती के लिए चार दिन तक साक्षात्कार करवाएगा। विभाग ने विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। अभ्यर्थी निर्धारित तिथियों और स्थान पर पहुंचकर साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। 13 जुलाई को रोजगार कार्यालय चंबा, 14 जुलाई को डलहौजी, 15 जुलाई को सुंडला और 16 जुलाई को रोजगार उप कार्यालय तीसा में परिसर साक्षात्कार होंगे।
निजी कंपनी सुरक्षा कर्मियों के 100 पद भरेगी। शैक्षणिक योग्यता दसवीं रखी गई है। आयु सीमा 19 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है। साक्षात्कार के लिए युवाओं को सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आना होगा। अभ्यर्थियों को शैक्षणिक प्रमाणपत्र, आधार कार्ड या अन्य वैध पहचान पत्र, पासपोर्ट आकार के नवीनतम फोटो, बायोडाटा और अन्य आवश्यक प्रमाणपत्र लाने होंगे। यदि रोजगार कार्यालय में पंजीकरण आवश्यक हों तो उससे संबंधित दस्तावेज भी साथ रखें। यह जानकारी जिला रोजगार अधिकारी जितेंद्र वर्मा ने दी।