चंबा। श्री मणिमहेश यात्रा में फिलहाल श्रद्धालुओं की भीड़ अपेक्षाकृत कम होने से एचआरटीसी की कई बसें खाली दौड़ रही हैं। चंबा डिपो की बसों के अलावा निगम प्रबंधन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पालमपुर डिपो से दो अतिरिक्त बसें मंगवाई हैं।
यात्रियों की संख्या बढ़ने पर पठानकोट डिपो से भी आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त बसें मंगवाई जाएंगी। निगम प्रबंधन ने 4 और 5 सितंबर को जन्माष्टमी के अवसर पर पवित्र डल में स्नान के लिए श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए परिवहन व्यवस्था की तैयारी कर रखी है।
फिलहाल बसों में पर्याप्त सीटें उपलब्ध हैं और यात्रियों को आसानी से उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा रहा है। एचआरटीसी के डीडीएम शुगल सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं की संख्या में अचानक बढ़ोतरी होने पर बसों की संख्या तत्काल बढ़ाई जाएगी, ताकि यात्रियों को परेशानी न हो।
यात्रा के प्रमुख स्नान पर्व को देखते हुए बसों के संचालन पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता के अनुसार विभिन्न डिपो से अतिरिक्त बसें मंगवाई जाएंगी।