चंबा। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की खटारा बसें एक बार फिर यात्रियों के लिए मुसीबत बन गईं। लडाण और भंजराडू रूट की दो बसें चंबा पहुंचने से पहले ही खराब हो गईं, जिससे यात्रियों को सड़क के किनारे घंटों इंतजार करना पड़ा। बसों के खराब होने से यात्रियों को न केवल परेशानी झेलनी पड़ी बल्कि कई लोगों की आगे की यात्रा भी प्रभावित हुई।
लड़ाण रूट की बस वीरवार सुबह 8:00 बजे चंबा के लिए रवाना हुई। पांच किमी चलने पर ही यह बस रुक गई। वहीं, भंजराडू रूट की बस सुबह 7:00 बजे रवाना हुई। यह बस कोटी के पास हांफ गई।
यात्री तनीषा कुमारी, काजल कुमारी, निशा देवी, करन कुमार, राहुल और सुनील कुमार का कहना है कि परिवहन निगम प्रबंधन की ओर से बसों की समय-समय पर जांच और सर्विसिंग नहीं की जाती, जिसके कारण आए दिन बसें सड़क पर खराब हो जाती हैं।
उन्होंने मांग की है कि बसों की नियमित जांच की जाए और खराब बसों को तुरंत बदला जाए, ताकि लोगों को परेशानी न झेलनी पड़े। उधर, एचआरटीसी के डीडीएम शुगल सिंह का कहना है कि बसें पुरानी हैं, इसलिए तकनीकी खराबी के चलते ऐसी समस्या उत्पन्न हो जाती है। नई बसों की डिमांड भेजी है।