चंबा। जिले में हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों के बीच राह हांफने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को चंबा-सुंगल-कलौता रूट की सरकारी बस सुबह आठ बजे बीच राह बंद पड़ गई। बस में तकनीकी खराबी आने की भनक लगते ही चालक ने बस को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। साथ ही सवारियों को बस से नीचे उतार दिया। इसके बाद चालक-परिचालक ने बस में आई तकनीकी खराबी को दूर करने का भरसक प्रयास किया। आखिरकार एक घंटे की मशक्कत के बाद बस के स्टार्ट होने के बाद अपने गंतव्य की ओर रवाना हो सकी। बस में खराबी के चलते स्कूली बच्चे और नौकरीपेशा लोगों को कार्यालयों तक पहुंचने में परेशानी हुई।
सवारियों राकेश कुमार, संजीव कुमार, दिलीप कुमार, सुरेंद्र कुमार, हरीश कुमार, कुलदीप कुमार, अमित कुमार, बचन सिंह और विद्यार्थियों शिवानी, अनीता, पूजा, कामनी आदि ने बताया कि उनका क्षेत्र काफी दुर्गम है। ऐसे में खटारा बसों के कारण सवारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को कलौता रूट पर चलने वाली निगम की बस बीच राह खराब हो गई। इससे वे समयानुसार अपने स्कूलों में नहीं पहुंच पाए। बताया कि विद्यालय में विद्यार्थियों के प्रवेश के लिए समय निर्धारित किया गया है। बावजूद इसके आज वे विद्यालय काफी देरी से पहुंच पाए। लोगों ने हिमाचल पथ परिवहन निगम प्रबंधन से क्षेत्र में खटारा बसों के बजाय नई बसों को भेजने की मांग की है।
एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक शुगल सिंह ने बताया कि बस में आई तकनीकी खराबी के बाद बस स्टार्ट हो गई थी। इसके बाद बस अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गई थी।