चंबा-कीड़ी-लग्गा रूट पर बस खराब होने से विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों की बढ़ी मुश्किलें
बस पास होने के बावजूद निजी वाहनों से करना पड़ रहा सफर, लोगों ने जल्द सेवा बहाल करने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
साहो (चंबा)। चंबा-कीड़ी-लग्गा सड़क पर एचआरटीसी की बस पिछले पांच दिनों से खराब खड़ी है। इससे रूट पर निर्भर कॉलेज विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
बस पास बनवाने के बावजूद विद्यार्थियों को सफर के लिए निजी वाहनों और अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे उनका समय और पैसा दोनों खर्च हो रहे हैं। वहीं, नौकरीपेशा लोगों को समय पर कार्यालय पहुंचने में दिक्कत आ रही है।
स्थानीय निवासी रमेश कुमार, चमन सिंह, तिलक, सोभिया राम, होशियार सिंह, टेक चंद और प्रहलाद ने बताया कि बस कीड़ी, गुवाड़ और अठलुंई समेत आसपास के गांवों के लोगों के लिए परिवहन का अहम साधन है। पांच दिन से बस खड़ी होने के बावजूद इसे ठीक कर रूट पर नहीं भेजा गया है। उन्होंने एचआरटीसी प्रबंधन से जल्द बस दुरुस्त करवाकर नियमित सेवा बहाल करने की मांग की है। उधर, क्षेत्रीय प्रबंधक शुगल सिंह ने बताया कि चंबा-साहो-लग्गा मार्ग पर बस खराब होने की जानकारी मिली है। जल्द इसे ठीक करवाकर रूट पर बस सेवा सुचारू की जाएगी।