चंबा। खज्जियार-डलहौजी रूट पर सरकारी बस सेवा एक माह से बंद पड़ी है। इसके चलते स्थानीय लोगों के साथ सैलानियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि डलहौजी जाने के लिए लोगों को निजी वाहन या टैक्सी का सहारा लेना पड़ रहा है। जो बस चंबा से वाया खज्जियार होकर डलहौजी पहुचती हैं, वह एक महीने से खज्जियार से आगे नहीं जा रही है। जिन सवारियों को खज्जियार से आगे जाना होता है उन्हें खज्जियार तक ही बस सेवा का लाभ मिल पाता है। इससे आगे का सफर उन्हें पैदल या टैक्सी से करना पड़ रहा है। इसकी वजह से ग्राम पंचायत मंगला, बख्तपुर, रठियार, पधरोटू, कोहलड़ी, टपूण और खज्जियार के ग्रामीण काफी परेशान हैं।
ग्रामीणों प्रकाश चंद, मान सिंह, चैन लाल, पृथी चंद, विनोद कुमार, सनी और मनोज कुमार ने बताया कि सरकारी बस के चालक और परिचालक चंबा से खज्जियार तक ही सवारियों को पहुंचाते हैं जबकि बस का रूट चंबा-खज्जियार से होकर डलहौजी और कुड्डण का है। निगम की तरफ से तय रूट के मुताबिक बस नहीं चलाई जा रही है इसलिए उन्होंने जिला प्रशासन और निगम प्रबंधन से मांग की है कि बस सेवा को तय रूट के मुताबिक ही चलाया जाए। क्षेत्रीय प्रबंधक शुगल कुमार ने बताया कि मामला ध्यान में लाया गया है। जल्द तय रूट के मुताबिक बस चलाने की व्यवस्था करवाई जाएगी।