चंबा। पनेला-लेरा रूट पर दोपहर के समय चलने वाली एचआरटीसी बस सेवा अभी तक बहाल नहीं हुई है। गौरतलब है कि इस बस सेवा को कोरोनाकाल में बंद कर दिया गया था। इससे बाट, सराहन और उटीप पंचायतों के सैकड़ों लोगों की मुसीबतें बढ़ गई हैं।
हालात यह हैं कि जैसे-तैसे शहर पहुंचने वाले लोगों को दोपहर बाद घरों तक पहुंचने के लिए निजी वाहन चालकों को मनमाने दाम चुकाने पड़ रहे हैं। इससे लोगों की जेबों पर कैंची चल रही है। ग्रामीणों ने आरएम से कोरोना काल के बाद बंद पड़ी पनेला-लेरा रूट पर दोपहर एक बजे और सायं तीन बजे बस सेवा दोबारा बहाल करने की मांग उठाई है। गौरतलब है कि कोरोना काल के बाद बस सेवाएं शुरू न होने से ग्रामीणों की समस्या बढ़ गई है। खासकर कर्मचारियों और कामकाज निपटाने के लिए दफ्तरों में पहुंचने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीण मनोज कुमार, विक्की, नवीन कुमार, विजय कुमार, डिंपल, सुरेंद्र कुमार, कुलदीप कुमार आदि का कहना है कि पनेला-लेरा रूट पर कोविड काल से पहले दोपहर एक बजे एचआरटीसी बस चलती थी जो, लेरा से दोपहर ढाई बजे लौटती थी। इसके अलावा सायं तीन बजे चलने वाली बस सायं साढ़े चार बजे लौटती थी। बस सेवाएं बंद होने से तीन पंचायतों की दो हजार की आबादी को परेशानी हो रही है। उधर, आरएम राजन जम्वाल का कहना है कि डिमांड अनुसार ही बस सेवा शुरू की जा सकती है।