सुंडला (चंबा)। सलूणी वाया लिग्गा होकर सुंडला जा रही निजी बस शुक्रवार को हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। यह घटना उस समय हुई जब कोटी पुल के पास पहाड़ी से गिरने वाले पत्थर से बचने की कोशिश में बस अनियंत्रित हो गई। गनीमत रही कि बस लटक गई और डैम में नहीं समाई। हादसे से सवारियों में हड़कंप मच गया।
बस सड़क से नीचे नहीं लुढ़कती तो जानमाल का भारी नुकसान हो सकता था। क्योंकि सड़क से सौ मीटर की खाई में चमेरा जलाशय है। यहां पर गिरने से सवारियों के बचने की बहुत कम उम्मीद थी। जिस समय बस हवा में लटकी उस समय बस के अंदर आधा दर्जन सवारियां मौजूद थी।
घटना के बाद सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। खबर लिखे जाने तक बस को सड़क से नहीं हटाया गया था। दो दिन पहले ही चैहली में हुए एचआरटीसी बस हादसे में छह लोगों की जान चली गई थी।