भरमौर (चंबा)। पठानकोट-चंबा-भरमौर नेशनल हाईवे बड़े वाहनों की आवाजाही के लिए खुल चुका है। इसके चलते लोगों को बड़ी राहत मिली है। यह मार्ग पिछले 18 दिनों से बंद था। नेशनल हाईवे प्राधिकरण की कड़ी मशक्कत के बाद मार्ग कम अवधि में बहाल हुआ है। सुबह जिला मुख्यालय से आने वाली पहली बस पर नेशनल हाईवे प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता मीत शर्मा सहित अन्य अधिकारी भरमौर पहुंचे। हालांकि मार्ग अभी भी कई जगह तंग है। इसमें धरवाला, लूणा, दुर्गेठी आदि स्थान शामिल हैं लेकिन विभाग की ओर से मौके पर मशीनरी तैनात की गई है ।
जानकारी के अनुसार चंबा-भरमौर नेशनल हाईवे 25 अगस्त को जगह-जगह भारी भूस्खलन और रावी के बहाव से डंगे बैठने के चलते बंद पड़ गया था। हालांकि शुरूआती दौर में उम्मीद की जा रही थी इस मार्ग को खुलने में लंबा इंतजार करना पड़ेगा मगर नेशनल हाईवे प्राधिकरण की ओर से इस मार्ग को मात्र 18 दिनों के भीतर ही बड़े वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल कर दिया है। इसके चलते लोगों को बड़ी राहत मिली है। सरकारी बसों के साथ इक्का-दुक्का निजी बसें भी भरमौर पहुंची। गौरतलब है कि इस बार मणिमहेश यात्रा के दौरान जिला भर में भारी बारिश हुई है। इससे हाईवे के कुछ हिस्से का नामोनिशान मिट गया था।
नेशनल हाईवे प्राधिकरण चंबा के सहायक अभियंता मीत शर्मा का कहना है कि चंबा से भरमौर तक मार्ग खोल दिया है। उन्होंने बताया कि कुछ जगह पर सड़क तंग है। यहां विभागीय मशीनरी जुटी हुई है। संकीर्ण मार्ग को चौड़ा किया जाएगा।