चंबा। कोरोना महामारी के दौरान अब बसों की टिकटें ही यात्रियों के लिए कर्फ्यू पास का काम करेंगी। एचआरटीसी प्रबंधन ने चंबा-देहरादून रूट पर चलने वाली बस सेवा को चंडीगढ़ तक मर्ज कर दिया है। इस रूट पर निगम को पड़ रहे घाटे को देखते हुए एचआरटीसी प्रबंधन ने यह निर्णय लिया है। बहरहाल, चंडीगढ़ से आगे देहरादून का रुख करने वाली सवारियां चंडीगढ़ बस अड्डे से नाहन डिपो की बस में आगे का सफर कर सकेंगी।
कोरोना महामारी की दूसरी लहर को देखते हुए प्रशासन अब अलर्ट हो गया है। हालांकि, दिल्ली और पंजाब में कर्फ्यू लगने के बाद जिले में इसका प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से नुकसान नहीं दिख रहा है। एचआरटीसी की बसों में दिल्ली और पंजाब जाने वाली सवारियों के लिए उनकी टिकटें ही कर्फ्यू के समय कर्फ्यू पास का काम करेंगी। इसके अलावा चंबा-देहरादून के लिए शाम सात बजे चलने वाली बस सेवा को चंड़ीगढ़ तक मर्ज किया गया है। चंबा-देहरादून बस से एचआरटीसी प्रबंधन को 25 प्रतिशत तक घाटा उठाना पड़ रहा है। चंबा से देहरादून के लिए चलने वाली निगम की बस चंडीगढ़ तक ही जाएगी। वहां से नाहन डिपो की बस में सवारियां देहरादून का रुख कर सकती हैं। इसके अलावा जिले के विभिन्न रूटों पर चलने वाली बसों को सैनिटाइज करके ही एचआरटीसी प्रबंधन और निजी बस ऑपरेटरों द्वारा रवाना किया जा रहा है।
आरएम चंबा जम्वाल ने बताया कि चंबा से देहरादून के लिए चलने वाले रूट को चंडीगढ़ तक मर्ज किया गया है। सवारियों की कमी से ही इस प्रकार का निर्णय निगम प्रबंधन ने लिया है। कहा कि दिल्ली और पंजाब की ओर जाने वाली सवारियों के लिए उनकी बस टिकट ही कर्फ्यू के समय कर्फ्यू पास का काम करेंगी।