चंबा। एचआरटीसी की लापरवाही एक बार फिर चंबा-छंडी देवी रूट पर सामने आई। शुक्रवार शाम जिस बस को 6 बजे रवाना होना था, वह पौने 8 बजे तक बस स्टैंड से नहीं चली। बस की इस देरी से स्कूली बच्चे और अन्य यात्री परेशान होते रहे। करीब डेढ़ घंटे तक यात्री बस स्टैंड पर खड़े बस का इंतजार करते रहे। ऐसे में उन्हें घर पहुंचने में अंधेरा हुआ।
यात्रियों में साहिल कुमार, जतिन कुमार, मंयक कुमार, मुकेश कुमार, मीनाक्षी कुमारी, जानवी, प्रिया का कहना है कि यह कोई नई बात नहीं है। हर दूसरे दिन यही स्थिति बनती है और परिवहन निगम कोई ध्यान नहीं दे रहा। उन्हें वर्कशॉप में जाकर बस के चलने का इंतजार करना पड़ता है। लोगों ने सरकार और परिवहन निगम से मांग की है कि रूट पर समय पालन सुनिश्चित किया जाए ताकि लोगों को रोजाना की इस परेशानी से राहत मिल सके। एचआरटीसी के टीएम आशविंदु सिंह का कहना है कि बसों की मरम्मत करते देरी हो जाती है। स्टाफ की भी कमी चल रही है।