खैरी-बनीखेत रूट के 35 यात्री फंसे, विद्यार्थी भी समय पर नहीं पहुंच पाए स्कूल
संवाद न्यूज एजेंसी
बनीखेत (चंबा)। खैरी से बनीखेत आ रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस वीरवार को तकनीकी खराबी के कारण बीच रास्ते में खड़ी हो गई।
बस में करीब 35 यात्री सवार थे। इसके बनीखेत नहीं पहुंचने से सुबह साढ़े आठ बजे चलने वाला बनीखेत-रंगड़ रूट भी प्रभावित रहा। इससे यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी।
ग्रामीणों में रमेश कुमार, राज कुमार, हेमराज, रोशन कुमार, अनिल कुमार, मोहित कुमार, राकेश कुमार और मोहर लाल ने बताया कि बस सेवा बाधित होने से बड़ेरु, बासा, ढलोग, धारद, बगढार, धार, मंझधार और रंगड़ सहित आसपास के गांवों के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कामकाज और दवाई लेने के लिए बनीखेत जाने वाले लोगों के साथ गांव लौटने वाले यात्री भी परेशान हुए। वहीं, बनीखेत और बगढार में पढ़ने वाले कई विद्यार्थी समय पर स्कूल नहीं पहुंच पाए।
ग्रामीणों ने कहा कि दूरदराज के क्षेत्रों में परिवहन के सीमित साधनों के चलते बसों की नियमित तकनीकी जांच जरूरी है, ताकि खराबी के कारण यात्रियों को परेशानी न उठानी पड़े और एक बस के खराब होने से दो रूट प्रभावित न हों।
एचआरटीसी चंबा के डीडीएम शुगल सिंह ने बताया कि बस सेवा प्रभावित होने के कारणों की जानकारी ली जाएगी। तकनीकी खराबी का पता लगाकर ऐसी स्थिति दोबारा न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।