चंबा-बोगा बाड़का रूट पर दलगना से पहले खराब हुई बस, घंटों इंतजार के बाद भी नहीं मिली दूसरी बस
निर्धारित समय से देरी से चलने और बार-बार खराब होने से यात्रियों में रोष
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। गंतव्य तक पहुंचने से पहले ही एचआरटीसी बस के पहिए थम गए और करीब 40 यात्रियों को बीच रास्ते परेशानी झेलनी पड़ी। चंबा से बोगा बाड़का जा रही बस दलगना से करीब पांच किलोमीटर पहले अचानक खराब हो गई।
यात्रियों ने काफी देर तक बस ठीक होने और दूसरी बस आने का इंतजार किया, लेकिन कोई व्यवस्था नहीं हो पाई। आखिरकार कई यात्रियों को आगे का सफर पैदल तय करना पड़ा।
यात्रियों अजय, पिंकू, सुंदर, हेमराज, जगत राम, संजू, राकेश और प्रीतम ने बताया कि चंबा से इस रूट पर बस चलने का निर्धारित समय शाम 5:40 बजे है, लेकिन बस अक्सर छह से साढ़े छह बजे के बीच रवाना होती है। देरी से चलने के बाद बीच रास्ते बस खराब होने से यात्रियों की परेशानी और बढ़ जाती है।
उन्होंने बताया कि शाम के समय इस रूट पर दूसरी बस की सुविधा भी आसानी से उपलब्ध नहीं होती। ऐसे में बस खराब होने पर यात्रियों के पास घंटों इंतजार करने या पैदल सफर करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचता। बुधवार को भी यात्रियों को इसी स्थिति से गुजरना पड़ा। यात्रियों ने एचआरटीसी प्रबंधन से बस को निर्धारित समय पर चलाने और रूट पर भेजने से पहले उसकी तकनीकी जांच सुनिश्चित करने की मांग की है।
उधर, एचआरटीसी के डीडीएम शुगल सिंह ने बताया कि बस में तकनीकी खराबी आई थी। मैकेनिक को भेजकर बस की मरम्मत करवाई गई और उसे दोबारा रूट पर भेज दिया गया।