चंबा में डलहौजी के पास खराब खड़ी परिवहन निगम की बस।संवाद
बीच सड़क में खराब हो गई बस, आठ घंटे बंद रहा डलहोजी-खज्जियार मार्ग
मार्ग के दोनों ओर लगीं लंबी कतारें, स्कूली विद्यार्थियों के साथ सैलानियों को भी झेलनी पड़ीं परेशानियां
सूचना मिलने पर मेकेनिक ने शुरू की एचआरटीसी बस की मरम्मत, दिन भर परेशान होते रहे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
डलहौजी (चंबा)। सड़क के बीच एचआरटीसी बस खराब होने के कारण डलहोजी-खज्जियार मार्ग पर आठ घंटे तक वाहनों की आवाजाही नहीं हो पाई। मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। निजी और अन्य वाहनाें में सफर करने वाले लोगों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। पर्यटन नगरी खज्जियार और डलहौजी घूमने आए सैलानी भी मार्ग बंद होने के कारण काफी परेशान रहे। शुक्रवार सुबह करीब 11:00 बजे गांधी चौक और डीपीएस स्कूल के बीच सड़क के बीचोबीच हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस खराब हो गई थी। यह बस डलहौजी से खज्जियार जा रही थी। बस के सड़क के बीचोबीच खराब होने पर इस मार्ग से होकर खज्जियार जाने वाले पर्यटकों, स्कूली विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने के बाद मेकेनिक ने मौके पर पहुंचकर बस की मरम्मत शुरू कर दी है। वहीं, राहगीरों में रोष है कि बस के सड़क के बीचोबीच खराब होने के बाद भी डलहौजी प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की। इस कारण पर्यटकों और स्कूली विद्यार्थियों सहित लोगों को परेशान होना पड़ा।
गौर रहे कि पर्यटन स्थल डलहौजी में वीकेंड पर भारी संख्या में पर्यटक आते हैं। पर्यटन स्थल डलहौजी पहुंचने के बाद ये सैलानी खज्जियार की वादियों में भी घूमने जाते हैं। खज्जियार से वाया डलहौजी के लिए भी पर्यटकों की आवाजाही रहती है। शुक्रवार को डलहौजी-खज्जियार मार्ग पर वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लगी रही। मार्ग के बीच सुबह 11:00 बजे हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस खराब होना इसकी मुख्य वजह रहा। स्कूलों से छुट्टी के बाद घर लौटने वाले विद्यार्थियों को पैदल ही सफर करना पड़ा। डलहौजी और खज्जियार की ओर से आने वाले पर्यटकों को मजबूरन वापस लौटना पड़ा। उधर, आरएम चंबा शुगल सिंह ने बताया कि मामला ध्यान में लाया गया है। खराब बस की मरम्मत करने के लिए मेकेनिक को मौके पर भेज दिया गया है। जल्द ही बस को मरम्मत के बाद मार्ग बहाल करवा दिया जाएगा।