चंबा। जिला में बीएसएनएल की ब्रॉडबैंड सेवा दोपहर डेढ़ बजे यकायक बंद पड़ जाने से सरकारी-गैरसरकारी कामकाज काफी हद तक प्रभावित हुआ। चुवाड़ी-बकलोह, चंबा-खज्जियार मार्ग और कोटला(शाहपुर) में केबल के कटने से ही इस प्रकार की नौबत पेश आई। ऐसे में ऑनलाइन विभिन्न शिक्षण संस्थानों संबंधी फीस, ऑनलाइन दस्तावेज बनवाने वालों व ऑनलाइन कार्य करवाने के लिए सरकारी व गैर सरकारी कार्यालयों में पहुंचने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। ब्रॉडबैंड सेवा के सुचारु न हो पाने की सूरत में दूरदराज के गांवों से जिला मुख्यालय चंबा में अपने दस्तावेज व अन्य प्रकार के ऑनलाइन कार्य करवाने के लिए पहुंचने वाले लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा।
बताते चलें कि शहर व आसपास के क्षेत्र में तीन हजार के करीब बीएसएनएल के ब्रॉडबैंड उपभोक्ता हैं। इतना ही नहीं, कई सरकारी व गैर सरकारी कार्यालयों में ऑनलाइन कार्यों, दस्तावेज तैयार करने सहित फार्म इत्यादि भरने संबंधी कार्य किए जाते हैं। बावजूद इसके बुधवार दोपहर डेढ़ बजे अचानक ब्रॉडबैंड सेवा पटरी से उतर गई। शाम करीब चार बजे ब्रॉडबैंड सेवा के सुचारु होने से लोगों ने कुछ हद तक राहत ली।
लोगों में राजीव कुमार, नरेश कुमार, केवल कुमार, हरीश कुमार, अजय कुमार, नरेश कुमार, किरण कुमार का कहना है कि ब्रॉडबैंड बंद होने के चलते वे डाकघर, बैंक सहित विभिन्न सरकारी कार्यालयों में अपने कार्य नहीं करवा पाए।
बीएसएनएल के जेटीओ रोशन लाल ने बताया कि चुवाड़ी-बकलोह, चंबा-खज्जियार मार्ग और कोटला के पास केबल कट जाने से ही इस प्रकार की नौबत पेश आई है। मरम्मत कार्य किया जा रहा है।