खज्जियार झील के पास जाने वाले लकड़ी के पुल को नए सिरे से बनाने का चल रहा कार्य। संवाद।
वन्य प्राणी विभाग नए सिरे से कर रहा निर्माण, 80 फीसदी काम पूरा
संवाद न्यूज एजेंसी
खज्जियार (चंबा)। पर्यटन स्थल खज्जियार में झील के पास जाने वाले पर्यटकों के लिए राहत की खबर है। झील तक पहुंचने के लिए बने लकड़ी के क्षतिग्रस्त पुल को वन्य प्राणी विभाग ने नए सिरे से बनाने का कार्य शुरू कर दिया है। पुल का करीब 80 फीसदी काम पूरा हो चुका है।
पिछले वर्ष आपदा के दौरान झील का जलस्तर काफी बढ़ गया था। पानी में डूबने के कारण लकड़ी के पुल को भारी नुकसान पहुंचा था। इसके बाद पर्यटकों की आवाजाही के लिए पुल को बंद कर दिया गया था। पिछले कई महीनों से स्थानीय लोग इसकी मरम्मत की मांग कर रहे थे।
पुल बंद होने से पर्यटक झील के पास जाकर मछलियों को दाना डालने और तस्वीरें लेने का आनंद नहीं उठा पा रहे थे। इससे पर्यटकों में निराशा के साथ पर्यटन कारोबार पर भी असर पड़ रहा था।
अब विभाग ने पुल को नए सिरे से तैयार करने का काम शुरू कर दिया है। शेष कार्य भी जल्द पूरा करने की तैयारी है। काम पूरा होने के बाद पर्यटक सुरक्षित पुल से झील के पास पहुंच सकेंगे।
वनखंड अधिकारी धीरज कुमार ने बताया कि क्षतिग्रस्त पुल का नए सिरे से निर्माण किया जा रहा है। करीब 80 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है और शेष काम भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा।